बजट में सम्यक विकास का समावेश, महिला-युवाओं को प्राथमिकता
Ad Place!

बजट में सम्यक विकास का समावेश, महिला-युवाओं को प्राथमिकता

THN Network

बिहार का बजट 2025-26 : विभिन्न संगठनों व लोगों ने बजट पर दी प्रतिक्रिया



BINOD KARN 

BEGUSARAI : वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को बिहार विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत सरकार के स्टैंडिंग काउंसिल अमरेन्द्र कुमार अमर ने कहा कि यह बजट दूरगामी सोच का परिणाम है। शिक्षा, स्वास्थ्य और नारी सशक्तीकरण पर जोर दिया गया है। सब्जी उत्पादन समिति का गठन हो या फिर एमएसपी पर अरहर और मूंग की खरीद करने का निर्णय, उिचत कदम है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने वित्त मंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद देते हुए कहा कि बेगूसराय में कैंसर अस्पताल खोलने की घोषणा करना स्वागत योग्य कदम है। बेगूसराय के लोगों को आने वाले दिनों में कैंसर के इलाज के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। वहीं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि आज बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जो बजट पेश किया वो आम लोगों के जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया हुआ है। प्रदेश के 358 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने की योजना बहुत ही सराहनीय है।
 एसएनएनआर कॉलेज चमथा के पूर्व प्राचार्य अशोक कुमार सिंह अमर ने कहा कि बजट संतुलित है और सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। सबसे बड़ी बात कि बजट की सबसे बड़ी राशि शिक्षा के क्षेत्र में खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि बजट में सबसे स्वागत योग्य कदम है कि बेगूसराय को एक कैंसर अस्पताल मिला है।
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार विधानमंडल में वित्त मंत्री सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा प्रस्तुत बिहार बजट 2025 स्वागत योग्य है। एक और जहां सभी लोगों के सम्यक विकास का समावेश है वहीं दूसरी ओर महिलाओं एवं युवाओं के हित को प्राथमिकता दी गई है। राज्य के 368 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना का निर्णय प्रशंसनीय है। राज्य में वायु प्रदूषण नियंत्रण हेतु 100 करोड़ रुपए की लागत से बिहार क्लीन एयर ट्रांसफोर्मेशन परियोजना की क्रियान्वयन का निर्णय शायद देश का अनोखा निर्णय है। उलाव हवाई अड्डा के विकास का निर्णय और दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना का निर्णय न होने से बेगूसराय जिला वासियों को थोड़ी मायूसी हुई है।

बेगूसराय में कैंसर अस्पताल खोलने का निर्णय ऐतिहासिक और सराहनीय : गिरिराज सिंह

केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह सांसद गिरिराज सिंह ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय में कैंसर अस्पताल खोलने का प्रावधान किया, जो एक ऐतिहासिक और सराहनीय निर्णय है। इस महत्वपूर्ण पहल में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की भी अहम भूमिका रही। उनके सतत प्रयास और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार की प्रतिबद्धता के कारण यह संभव हो पाया है। डीएम तुषार सिंगला ने जिले की पानी की विस्तृत रिपोर्ट और कैंसर मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी दी थी। उसी रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न केवल इस समस्या को गंभीरता से लिया, बल्कि इसके समाधान की दिशा में ठोस कदम भी उठाए।

बजट जितना भारी भरकम, प्राथमिकताओं के लिहाज से उतना ही हल्का : अमिता भूषण

पूर्व नगर विधायक अमिता भूषण ने कहा कि बजट आनुपातिक रूप से जितना भारी भरकम है, पिछले वर्ष से तकरीबन 38 हजार करोड़ ज्यादा यानी 3 लाख 17 हजार करोड़ का उतना ही बिहारवासियों की प्राथमिकताओं के लिहाज से हल्का। रूटीन घोषणाओं के अलावे इसमें आम लोगों के जीवन में तात्कालिक सुधार की नितांत आवश्यकताओं की कोई चर्चा नहीं दिखती। बढ़े हुए बिजली दरों में कोई राहत नहीं दी गई। वित्तमंत्री और मुख्यमंत्री ने बजट में बेरोजगारों के लिए किसी तरह के प्रयासों पर मुंह नहीं खोला। बेगूसराय में कैंसर अस्पताल खोलने की घोषणा सराहनीय है। बजट भविष्य की आर्थिक कार्ययोजना और राज्य के विकास के लिए किए जा रहे भविष्योणमुखी प्रयासों का आईना होना चाहिए जिसकी कोई कोई झलक नहीं दिखती।


















Post a Comment

Previous Post Next Post
Your Advertisement can come here!