THN Network
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 बेगूसराय में शुरू, नेशनल फुटबॉल का पहले दिन
BINOD KARN
BEGUSARAI : खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के अंतर्गत बेगूसराय में आयोजित नेशनल फुटबॉल के पहले दिन IOCL बरौनी रिफाइनरी स्टेडियम में बिहार एवं तमिलनाडू की महिला टीम के बीच मुकाबला हुआ। IOCL रिफाइनरी मैदान में खेल गए मैच में तमिलनाडु की टीम ने बिहार को 2 –1 से हराया. तमिलनाडु और बिहार टीम के बीच कांटे का मुकाबला रहा। तमिलनाडु की ओर से आर प्रेमा ने 2 गोल दागे जबकि बिहार की ओर से निक्की कुमारी ने एक गोल किया।
वहीं यमुना भगत स्टेडियम, बरौनी में राजस्थान और झारखंड की महिला टीम के बीच मैच खेला गया। यमुना भगत स्टेडियम में खेले गए मैच में झारखंड की टीम ने राजस्थान को एक तरफा मुकाबले में 8 –O से हराया। रीना कुमारी ने 4 और बबीता कुमारी ने टीम के लिए 3 गोल किए। सब्टिच्यूट की तौर पर आई रीना टप्पो ने 1 गोल किया। राजस्थान की टीम गोल का खाता भी नहीं खोल सकी।
IOCL बरौनी रिफाइनरी स्टेडियम में महिला के ग्रुप A में खेलने वाली बिहार एवं तमिलनाडू की टीमों के साथ खेल मंत्री बिहार सरकार सुरेंद्र मेहता, जिला पदाधिकारी बेगूसराय तुषार सिंगला, पुलिस अधीक्षक बेगूसराय मनीष कुमार, विधायक बेगूसराय कुंदन सिंह, महापौर पिंकी देवी एवं अन्य के द्वारा हाथ मिलाकर सभी खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उत्साहवर्धन किया गया। राष्ट्रगान के साथ इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ।
बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि बिहार में खेलों के विकास और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह केंद्र सरकार और राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे बिहार के खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। राज्य के युवा खिलाड़ियों को देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। यह आयोजन बिहार के खेल इतिहास में एक नई मिसाल कायम करेगा। बेगूसराय के लिए यह सम्मान और गर्व की बात है। हम सब इस राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट को सफल बनाएं। खेल मंत्री ने बेगूसराय जिलाधिकारी की तारीफ करते हुए कहा कि इनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में जिला प्रशासन बेगूसराय ने इस राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार आयोजन किया है।
बेगूसराय MLA कुंदन कुमार ने कहा कि बेगूसराय के लिए यह सम्मान की बात है। इतने बड़े राष्ट्रीय खेल का आयोजन यहां हो रहा है। केंद्र और राज्य की सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा और जोश को देखकर गर्व की अनुभूति हुई। खेलो इंडिया का यह महापर्व हमारे युवाओं को प्रेरित करता है कि वे अनुशासन, टीम भावना और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ें. खेल जगत में बेगूसराय का नाम लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में खेल के क्षेत्र में बेगूसराय को एक अलग पहचान मिलेगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।
बेगूसराय नगर निगम के महापौर पिंकी देवी ने नगर निगम बेगूसराय की ओर से सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। कहा कि दिनकर की धरती और श्रीकृष्ण सिंह की कर्मभूमि पर यह राष्ट्रीय फुटबॉल का आयोजन खेल के क्षेत्र में आने वाले समय में मिल का पत्थर साबित होगा। खेल शारीरिक और मानसिक रूप से हमें मजबूत करता है और इस आयोजन से बेगूसराय को अलग पहचान मिलेगी।
DM तुषार सिंगला ने कहा कि बेगूसराय के दो मैदान IOCL रिफाइनरी खेल मैदान और यमुना भगत स्टेडियम बरौनी में 4 मई से 15 मई तक दो सत्र में फुटबॉल के मैच खेले जाएंगे। पहले सत्र में सुबह 7:30 से और दूसरे सत्र में शाम के 4:00 बजे से मैच खेले जाएंगे। इस तरह के राष्ट्रीय खेल का आयोजन बेगूसराय में पहली बार होने जा रहा है जो पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। हम सब फुटबॉल के इस खेल में भाग ले। अधिक से अधिक संख्या में मैच देखने आएं। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं और खिलाड़ियों का दिल खोलकर स्वागत करें। जिससे दूसरे राज्यों से जो टीम आई हुई है वह शानदार यादें लेकर यहां से जाएं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बेगूसराय, उप विकास आयुक्त बेगूसराय, अपर समाहर्ता बेगूसराय, अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय, अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय एवं जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, जदयू जिलाध्यक्ष रुदल राय, पूर्व महापौर संजय कुमार आदि उपस्थित थे।