फ्लाइंग किस विवाद: कौन हैं नीतू सिंह जिनका बयान हो रहा वायरल, बोलीं- राहुल गांधी के पास लड़कियों की कमी नहीं - Flying kiss controversy
Ad Place!

फ्लाइंग किस विवाद: कौन हैं नीतू सिंह जिनका बयान हो रहा वायरल, बोलीं- राहुल गांधी के पास लड़कियों की कमी नहीं - Flying kiss controversy

THN Network 


NAWADA: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के फ्लाइंग किस विवाद को लेकर उठा सियासी हंगामा शांत नहीं हो रहा है। अब इस विवाद में बिहार से कांग्रेस की विधायक नीतू सिंह भी कूद पड़ी हैं। दरअसल, उन्होंने एक बयान दिया है, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है।


कांग्रेस विधायक नीतू सिंह की टिप्पणी से फ्लाइंग किस विवाद को और बल मिलता दिख रहा है। यही नहीं, कांग्रेस विधायक ने राहुल गांधी और भारतीय जनता पार्टी की सांसद स्मृति ईरानी पर भी टिप्पणी की है। आइए, जानते हैं कि आखिर नीतू सिंह कौन हैं?


कांग्रेस विधायक नीतू सिंह ने क्या कहा है?

इस पूरे मामले को समझने के लिए पहले ये जानना जरूरी है कि आखिर बिहार के नवादा जिले की हिसुआ विधानसभा सीट से कांग्रेस की विधायक नीतू सिंह ने कहा क्या है?


दरअसल, नीतू सिंह से फ्लाइंग किस विवाद पर मीडिया कर्मियों ने प्रतिक्रिया ली थी। इस प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब भी चाहेंगे उनकी शादी हो जाएगी।


भारतवर्ष में उनके लिए लड़कियों की कमी नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राहुल जी को फ्लाइंग किस देना होगा तो किसी लड़की को देंगे, 50 साल की बूढ़ी महिला को वो फ्लाइंग किस क्यों देंगे?


विधायक सिंह ने सवाल करने के लहजे में भाजपा सांसद स्मृति ईरानी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में सांसद स्मृति ईरानी यह कैसे कह सकती हैं कि राहुल गांधी ने फ्लाइंग किस जैसी कोई हरकत की है? राहुल गांधी ऐसा नहीं कर सकते हैं।


बता दें कि भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने भी राहुल गांधी से जुड़े फ्लाइंग किस विवाद को लेकर टिप्पणी की थी। ईरानी की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया देते हुए नीतू सिंह ने उक्त बातें कहीं।


नीतू सिंह का सियासी सफर

हिसुआ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की नीतू सिंह अपने बयानों को लेकर पहले भी चर्चा में रही हैं। उन्हें राजनीति विरासत में मिली है। उनके ससुर स्व. आदित्य सिंह मंत्री रह चुके हैं।


नीतू सिंह पर जनता ने 2020 में भरोसा जताया था। वह जिला परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वह करीब दो दशक से सक्रिय राजनीति में हैं।


नीतू सिंह 2001 में पंचायती राज व्यवस्था लागू होने के बाद हुए पहले चुनाव में जिला पार्षद चुनी गई थीं। इसके बाद 2006 के पंचायत चुनाव में दूसरी बार जिला पार्षद बनीं।


इस बार उन्हें जिला परिषद अध्यक्ष बनाया गया। उन्होंने पांच साल तक जिला परिषद अध्यक्ष का पद संभाला। 2010 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ीं, परंतु जीत नहीं मिली।


नीतू सिंह साल 2011 में जिला परिषद का चुनाव हार गईं थीं, इसके बाद 2015 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।


इसके बाद नीतू सिंह ने कांग्रेस का दामन थामा और जनता ने उन पर भरोसा जताया। नीतू सिंह पूर्व मंत्री आदित्य सिंह की बड़ी पुत्रवधू हैं।


नवादा जिले की हिसुआ सीट से विधायक हैं नीतू सिंह

नीतू सिंह नवादा जिले के हिसुआ विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी की विधायक हैं। फ्लाइंग किस विवाद में उनकी टिप्पणी प्रसारित होते ही इंटरनेट मीडिया पर उनका नाम ट्रेंड करने लगा है। चर्चा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट में उन्हें स्थान दिया जा सकता है।


राबड़ी देवी की सरकार में मंत्री थे आदित्य सिंह

बता दें कि नीतू सिंह के ससुर स्व. आदित्य सिंह ने 28 वर्षों तक लगातार हिसुआ का प्रतिनिधित्व किया था। वह राबड़ी देवी की सरकार में पशुपालन राज्य मंत्री थे।


आदित्य 2005 के अक्टूबर में बीजेपी उम्मीदवार अनिल सिंह से चुनाव हार गए थे। इसके बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। उन्होंने अपने रहते हुए ही बड़ी बहू नीतू सिंह को सियासी उत्तराधिकारी बना दिया था। 2010 में कांग्रेस का टिकट दिलाकर चुनाव लड़वाया था।


Post a Comment

Previous Post Next Post
Your Advertisement can come here!