कैसे मनेगा छठ? बखरी के घाटों पर जंगल और गंदगी का अंबार
Ad Place!

कैसे मनेगा छठ? बखरी के घाटों पर जंगल और गंदगी का अंबार






THN Network


BAKHRI/ BEGUSARAI : लोक आस्था का पर्व छठ पूजा को अब महज एक हफ्ते का समय बचा है, मगर बखरी नगर परिषद क्षेत्र में इसकी अभी कोई तैयारी नहीं दिख रही है। नगर के छठ घाट बदहाल हैं, घाटों पर बड़े-बड़े जंगल उगे हुए हैं और गंदगी का अंबार लगा है। इस बदहाली को देखकर छठवर्तियों में खासी नाराजगी है।

नगर परिषद क्षेत्र के मक्खाचक चिमनी रोड पर स्थित छठ घाट की स्थिति सबसे खराब है। इस घाट पर बड़े-बड़े जंगल उगे हैं, जिसकी सफाई में कई दिन का समय लगेगा। नगर के प्रमुख तालाबों में से एक श्री विश्वबंधु पुस्तकालय स्थित तालाब की हालत भी ठीक नहीं है। यहां पानी की गहराई अधिक है और घाटों का निर्माण भी अभी तक शुरू नहीं हुआ है। वहीं गोढियारी चौक स्थित आशा पोखर में भी घाटों का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। इस पोखर में पानी कम बताया जा रहा है। घाट के चारों ओर गंदगी का आलम है। कुल मिलाकर छठ घाटों पर साफ-सफाई अभी तक शुरू नहीं होने से छठवर्तियों में खासी नाराजगी है।

पूर्व नगर पार्षद नीरज नवीन का कहना है कि त्योहारों के सीजन में नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी छुट्टी पर हैं, जिससे छठ घाटों पर साफ-सफाई और तैयारी अभी तक शुरू नहीं हो सकी है।

सामाजिक कार्यकर्ता मो. अलीराज कहते हैं कि त्योहारों के समय ऐसा पहली बार है जब पूरे नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। सड़कों पर जगह-जगह कूड़ो का अंबार लगा है। और सबसे हैरानी की बात है कि शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

जन पहल के संयोजक विकास वर्मा कहते हैं कि दुर्गापूजा के समय से ही नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। सड़कों पर झाड़ू लगाने से लेकर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम अनियमित है। नालों की सफाई बंद है। दुर्गापूजा के समय सड़कों पर जगह-जगह जलभराव से सड़कें झील में तब्दील हो गई थी। अब दीवाली और छठ पूजा के मौके पर भी अव्यवस्था का आलम है।

छठ के लिए घाटों पर जंगल और गंदगी से नाराज़ मक्खाचक के युवा संतोष साहू, बर्जेश साह, ओमप्रकाश, राजीव शर्मा, राजेश जायसवाल, श्रवण साहू, रामगुलाम चौधरी, शोभा राम  उषा राम, विनोद पंडित, विनोद यादव, अमन चौधरी, रंजीत साहू आदि को कहते हैं कि अगर शीघ्र ही नगर के छठ घाटों की साफ-सफाई शुरू नहीं की गई तो नगर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Your Advertisement can come here!