बिहार में अराजक माहौल के लिए नीतीश जिम्मेदार, नैतिकता के आधार पर दें इस्तीफा : गिरीराज
Ad Place!

बिहार में अराजक माहौल के लिए नीतीश जिम्मेदार, नैतिकता के आधार पर दें इस्तीफा : गिरीराज



BINOD KARN

BEGUSARAI : बेगूसराय शूटआउट के बाद बिहार के माहौल को अराजक बताते हुए केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है। गिरिराज सिंह ने ये बातें बुधवार को बेगूसराय शूटआउट में पीड़ित परिवारों से मिलते हुए कही। वे मंगलवार शाम को जिले में ताबड़तोड़ फायरिंग कर 10 लोगों को गोली मारने की सूचना मिलते ही अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को रद्द कर बेगूसराय पहुंचे। जिले में प्रवेश करते ही सबसे पहले फुलबड़िया थाना क्षेत्र के हाजीपुर पहुंचे और मृतक ई. चंदन कुमार के परिजनों से मुलाकात कर ढांढ़स बंधाया। इसके बाद वे सरकारी गैर सरकारी अस्पतालों में भर्ती घायलों से मिलने पहुंचे।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि 

बेगूसराय में अपराधियों के बढ़ते मनोबल एवं उनके बेखौफ व्यवहार ने संपूर्ण शहर आतंकित है। जिस प्रकार से जिले की एक सीमा से दूसरे सीमा तक ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार से 10 लोगों को घायल किया गया एवं उन्हें मौत के घाट उतारने का कुकृत्य अपराधियों द्वारा किया गया है वह निश्चित तौर पर इस जंगलराज की सरकार में उनके मनोबल को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां सर्वांगीण विकास को आधार मानकर बिहार आगे बढ़ रहा है वहीं दूसरी ओर इस प्रकार की घटनाएं बेगूसराय के आम जनमानस को भय के माहौल में जीने पर मजबूर कर दे रही है। गरीबों एवं असहाय लोगों पर जिस प्रकार से गोलियों की बौछार हुई है उससे आम जनजीवन त्रस्त एवं भयभीत है। 

उन्होंने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के पद पर बैठ मुखौटे के रूप में काम कर रहे हैं जबकि असली मुख्यमंत्री तो तेजस्वी हैं। जिस जंगलराज के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी सदैव संघर्षरत रही उसी के साथ गठबंधन कर संपूर्ण राज्य में अराजकता का माहौल फैलाने के लिए केवल और केवल मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। उन्हें अपनी नैतिक जिम्मेदारी को समझते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए ताकि बिहार की जनता अमन चैन के वातावरण को महसूस करें एवं अपराधियों पर नकेल कसने की तैयारी तेज हो। सरकार के मंत्री का जिस प्रकार से बयान आता है वह निश्चित तौर पर अपराधियों के मनोबल को मजबूत करता है और उसी का नतीजा है कि बेगूसराय की घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि पटना के पीरबहोर थाने से अपराधियों को जिस तरह से छुड़ाया गया है वह बताता है कि अपराधी कहीं ना कहीं सत्ता से संरक्षण प्राप्त कर इस प्रकार के कुकृत्य को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने मृतक के आश्रितों को नौकरी एवं एक करोड़ तथा घायलों के इलाज हेतु 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री के साथ पूर्व एमएलसी रजनीश कुमार, जिला अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, सांसद प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर, पूर्व विधायक श्रीकृष्ण सिंह, महासचिव कृष्ण मोहन पप्पू, अधिवक्ता नीरज शांडिल्य, अनिता राय सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Your Advertisement can come here!