परना मुखिया की गोली मारकर हत्या, हत्या के विरोध में लोगों ने किया पांच घंटे सड़क जाम - Crime Breaking News
Ad Place!

परना मुखिया की गोली मारकर हत्या, हत्या के विरोध में लोगों ने किया पांच घंटे सड़क जाम - Crime Breaking News

THN NetworkBINOD KARN


BEGUSARAI: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सांख ढाला स्थित सोना चिमनी के पास गुरुवार को बेखौफ अपराधियों ने सदर प्रखंड के परना पंचायत के मुखिया 35 वर्षीय वीरेंद्र शर्मा को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना लगभग 12 बजे दिन की बतायी जाती है। अपराधियों ने मुखिया के सीने में छह गोली मारी है। वीरेंद्र शर्मा लगातार दूसरी बार मुखिया चुने गए थे। घटना की सूचना मिलते ही एसपी योगेन्द्र कुमार ने तुरंत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व बल को भेजा, लेकिन संदिग्ध अपराधियों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। एक अपराधी के गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।



इधर, मुखिया वीरेंद्र शर्मा के शव के पास मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष मो. अहसन, विश्वकर्मा समाज के जिलाध्यक्ष व नगर निगम 17 के वार्ड पार्षद वशिष्ठ शर्मा, व्यवसायी संगठन के पूर्व मेयर आलोक कुमार अग्रवाल, डा. राजेश रोशन, रविराज गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि अमरेंद्र कुमार अमर भी जामस्थल पर पहुंचे। सांसद प्रतिनिधि अमरेंद्र कुमार अमर ने वीरेंद्र शर्मा की हत्या पर कहा कि मृतक मुखिया भाजपा किसान पिछडा प्रकोष्ठ के नेता सह परना पंचायत के मुखिया थे। मुखिया वीरेंद्र शर्मा की हत्या कानून के राज्य में बेखौफ अपराधियों का घिनौना तस्वीर है। पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।





इधर, हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने ट्रैफिक चौक पास एनएच-31 पर मुखिया के शव को रख कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

लोगों का कहना है कि चुनावी रंजिश के कारण उनकी हत्या की गई है। मुखिया की हत्या से ग्रामीण इतने आक्रोशित थे कि सड़क जाम स्थल पर पुलिस के साथ कई बार नोंकझोंक हुई। इस दौरान जिला मुखिया संघ के द्वारा एनएच- 31 पर बैठ कर मुखिया वीरेंद्र शर्मा की हत्या का विरोध जताया। आक्रोशित ग्रामीण व मुखिया संघ जामस्थल पर DM-SP को बुलाने की मांग कर रहे थे। करीब 4-5 घंटे के बाद SDPO अमित कुमार वहां पहुंचे और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का





 आश्वासन देकर जाम हटवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा सका। SDPO अमित कुमार ने दावा किया है कि अपराधियों की पहचान कर ली गयी है। 48 घंटे के अंदर सभी अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। 


घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि गुरुवार को दोपहर में मुखिया वीरेंद्र शर्मा अपाची बाइक पर सवार होकर घर से प्रखंड कार्यालय जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में सोना चिमनी के पास अपराधियों ने उन्हें गोलियाें से भून दिया। मुखिया को जबतक अस्पताल ले जाया गया, तबतक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे बरामद किये हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Your Advertisement can come here!