THN Network
गुरु पूर्णिमा के मौके पर योग संस्थान के पुनर्निर्मित भवन का केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने किया उद्घाटन
BINOD KARN
BEGUSARAI : केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि विश्व विख्यात मुंगेर योग संस्थान से उनका पुराना लगाव है। बेगूसराय में भी मुंगेर से जुड़ा योग संस्थान विधिवत रूप से काम कर रहा है। बेगूसराय में भी मुंगेर की तरह योग शिक्षा, छात्रवास व उसी तरह की अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। वे गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र के सर्वोदय नगर स्थित योग संस्थान के पुनर्निर्मित भवन का उद्घाटन कर रहे थे।
इस मौके पर समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाज और प्रशासन एक हो जाए तो किसी भी शहर या स्थान को विकसित होने से नहीं रोका जा सकता है। योग संस्थान के विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि योग विज्ञान है। योग साधना है। यह केवल व्यायाम भर नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को विश्व में स्थापित करने का काम किया है। इससे देश वासियों को बड़ा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज योग का मार्केट पूरे विश्व में 80 बिलियन डॉलर का है। 2040 तक यह बढ़कर 250 बिलियन डॉलर होने वाला है। योग संस्थान मेडिकल व आयुर्वेदिक कॉलेज खोलने जैसा है। जो भी लोग योग सिखा रहे हैं वे कमाई के साथ दुनिया में अपना नाम फैला रहे हैं।
सकारात्मक ऊर्जा से भरे रहते हैं सर्वेश कुमार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि योग में नकारात्मकता की जगह नहीं होती है। दरभंगा स्नातक क्षेत्र के MLC सर्वेश कुमार हमेशा रचनात्मक व सकारात्मक ऊर्जा से भरे रहते हैं। सर्वेश कुमार कभी नकारात्मक बातें नहीं करते हैं। योग संस्थान में जो भी काम हुआ उसमें सर्वेश कुमार का महत्वपूर्ण योगदान है। यहां के काम को वे आगे बढ़ाएं। उन्हें भरपूर सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि विधायक कुंदन कुमार का मात्र तीन महीने का समय बचा है। अगली बार वे जीत कर आएंगे तो अपना सर्वस्व समर्पित कर देंगे।
संस्थान परिसर में आवासीय भवन बनेगा : सर्वेश कुमार
दरभंगा स्नातक क्षेत्र के MLC सर्वेश कुमार ने कहा कि परिसर में आवासीय भवन बनाया जाएगा। आवासीय भवन बन जाने से उन लोगों को सहुलियत होगी जो दूर दराज से आकर यहां योग सीखेंगे। जीवन को संचालित करने के लिए सेवा, प्रेम और दान की भावना का होना बहुत जरूरी है। MLA कुंदन कुमार ने इस मौके पर योग की व्याख्या की। उन्होंने कहा कि मुंगेर योग आश्रम में युवाओं पर काफी रिसर्च किया गया है। इस योग संस्थान को जो भी सहयोग की आवश्यकता होगी मैं करूंगा।
DM तुषार सिंगला ने कहा कि योग हमारे दैनिक जीवन में शामिल है। यह जीने की एक पद्धति है। योग अब केवल शरीर को स्वस्थ रखने की प्रक्रिया नहीं है। युवाओं के लिए यह एक करियर ऑप्शन भी है। कार्यक्रम को योग प्रशिक्षक स्वामी भास्कर चौधरी ने भी संबोधित किया।
इससे पहले सभी अतिथियों का बुके और अंग वस्त्र से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन योग संस्थान के सचिव नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ए के राय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन दुर्गा प्रसाद राय ने किया। कार्यक्रम में BJP जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष सुनील कुमार मुन्ना, डिप्टी मेयर अनिता राय, योग शिक्षक स्वामी भास्कर चौधरी, आर्किटेक्ट अनुपमा जी, को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ धनकू, योग संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. डीपी चौधरी, चकवार कल्याण परिषद के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश कुमार आदि मौजूद थे।