THN Network
बेगूसराय के विष्णु वैभव ने आखिरी के दोनों राउंड जीते
BINOD KARN
BEGUSARAI : दून पब्लिक स्कूल में चल रहे बिहार राज्य Under - 11 शतरंज प्रतियोगिता में गुरुवार को खिताबी मुकाबला खेला गया। इसमें ब्वायज ग्रुप से नवादा से अंजिष्णु राज और गर्ल्स ग्रुप में पटना की अंकिता राज चैंपियन बने। लड़कों में पटना के अद्विक कुमार और लड़कियों में पटना की आरोही सागर दूसरे स्थान पर रहे। दोनों वर्ग के चैंपियन और उप विजेता नेशनल U-11 Chess Tournament खेलने जाएंगे। दोनों वर्ग के टाॅप थ्री खिलाड़ियों को बेगूसराय के आयकर अधिकारी अमित कुमार सिन्हा, दून पब्लिक स्कूल के प्राचार्य गणेश कुमार सिंह और बेगूसराय चेस अकादमी के पदाधिकािरयों ने ट्राॅफी और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
गुरुवार को लड़कों के सातवें और अंतिम राउंड में सफेद मोहरे से खेलते हुए नवादा के अंजिष्णु राज ने पटना के नभ कुमार को मात दी। सात राउंड वाले इस मुकाबले में चैंपियन बने अंजिष्णु राज (6.5) एक भी मैच नहीं हारे। अंजिष्णु ने छह मुकाबले जीते और एक ड्रॉ खेला। दूसरे स्थान पर रहे पटना के अद्विक कुमार (6) ने पश्चिम चंपारण के शिवांश वर्णवाल को हराया। तीसरे स्थान पर रहे बेगूसराय के विष्णु वैभव (6) ने सफेद मोहरों से खेलते हुए पटना के चैतन्य राज आदित्य को मात दी।
वहीं लड़कियों के छठे और आखिरी मुकाबले में काले मोहरे से खेलते हुए पटना की अंकिता राज ने दरभंगा की मनीषा यादव को हराया। चैंपियन अंकिता राज (5.5) ने छह मुकाबलों में पांच जीते और एक ड्रॉ खेला। दूसरे स्थान पर रही पटना की आरोही सागर (5) ने काले मोहरे से खेलते हुए पटना की ही वंशिका माहेश्वरी को शिकस्त दी। किशनगंज की धान्वी कर्माकर 4.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। उसने पटना की सान्वी सिंह को पराजित किया।
बुद्धिमता और धैर्य का खेल है शतरंज : अमित सिन्हा
U-11 शतरंज चैंपियन को पुरस्कार देने के बाद मुख्य अतिथि आयकर अधिकारी अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि शतरंज बुद्धिमता और धैर्य का खेल है। इसमें खिलाड़ी दो तरह से जीत हासिल करते हैं- पहली अपनी कुशल रणनीति से और दूसरा प्रतिद्वंद्वी की गलतियों से। खेल में हार-जीत मायने नहीं रखते। जीत की प्रतिबद्धता और हार से सबक लेकर आगे बढ़ने से ही खेल में निखार आता है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में लंबे अंतराल के बाद इस स्तर की प्रतियाेगिता हुई। बेगूसराय शतरंज खेल को लेकर पहले सही उर्वर रहा है। बेगूसराय चेस एसोसिएशन के संजीव कुमार के अथक प्रयास से यह टूर्नामेंट संभव हो सका है। इस अवसर पर चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष समीर शेखर, मुकेश कुमार सिन्हा, समाजसेवी दिलीप कुमार सिन्हा, अशोक कुमार सिन्हा आदि मौजूद थे।