THN Network
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कई महिला कारीगरों को बांटे पहचान पत्र
250 महिला कारीगरों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित
BINOD KARN
BEGUSARAI : केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रखंड क्षेत्र के पचम्बा में शनिवार को राष्ट्रीय हस्तशिल्प विकास कार्यक्रम (NHDP) की शुरुआत की। कार्यक्रम की शुरुआत महिला कारीगरों के कल्याण और कौशल विकास के लिए हुई है। इस कार्यक्रम के माध्यम से 200-250 महिला कारीगरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य कारीगरों को उत्पादन की तकनीकी बारीकियों में दक्ष बनाना है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के साथ महिला कारीगरों को एक्सपोर्ट्स द्वारा स्थापित प्रोडक्शन सेंटर में कार्य भी दिया जाएगा। इससे उनकी आय में वृद्धि होगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
पहले चरण में 30 कारीगरों को प्रशिक्षण दिया गया
बताया गया कि अब तक 100 से अधिक कारीगरों को आर्टिसन पहचान पत्र दिया जा चुका है। इनमें से 30 महिला कारीगरों को प्रथम चरण में प्रशिक्षण दिया गया है। दूसरे चरण में भी 30 कारीगरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा करीब 100 से अधिक महिला कारीगारों ने प्रशिक्षण पाने के लिए आवेदन किया है। जल्द ही इनके प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
महिला कारीगरों द्वारा गठित कंपनी इस प्रोडक्शन सेंटर को चलाएगी
सांसद ने बताया कि महिला कारीगरों द्वारा गठित प्रोड्यूसर कंपनी इस प्रोडक्शन सेंटर को संचालित करेगी और सभी सदस्य शेयर होल्डर के रूप में लाभ प्राप्त करेंगी। कार्यक्रम के आगामी चरणों में मार्केटेबल और एक्सपोर्ट योग्य डिज़ाइनों को तैयार करने हेतु डिज़ाइन वर्कशॉप का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे महिला कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर Carpet Export Promotion Council (CEPC) के चेयरमैन कुलदीप राज वट्टल, रीजनल डायरेक्टर संदीप कुमार, संजय गुप्ता, सादिक अली अंसारी, विनोद कुमार पाठक, पवनदीप सिंह, मनोज झा के अलावा CEPC के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पदाधिकारी माैजूद थे।



