कीड़ा भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रसाद जी महानकर किया बेगूसराय का दौरा : Begusarai News
Ad Place!

कीड़ा भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रसाद जी महानकर किया बेगूसराय का दौरा : Begusarai News


THN Network
 

देश में 3.76 प्रतिशत लोग ही खेलते हैं, सभी को खेल मैदान में लाना है कीड़ा भारती का लक्ष्य

BINOD KARN.


BEGUSARAI: कीड़ा भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रसाद जी महानकर ने बेगूसराय का दौरा किया। एक दिवसीय प्रवास पर आए संगठन मंत्री ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत क्रीड़ा केंद्र दर्शन से किया। सबसे पहले वे जीडी कॉलेज पहुंचे, जहां राष्ट्रीय खिलाड़ी अनिल कुमार द्वारा संचालित वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों से मुलाकात कर खेल के विभिन्न पहलुओं और समस्याओं पर चर्चा करते हुए मार्गदर्शन किया। 

वहां से पूरी टीम के साथ वे रतनपुर पहुंचे, जहां भारोत्तोलन के खिलाड़ियों से बात करते हुए खेल के माध्यम से राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। 

फिर मटिहानी में फुटबॉल तथा कबड्डी के खिलाड़ियों से बात करते हुए विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बिहार में खेल की नर्सरी कहे जाने वाले बीहट पहुंच कर खिलाड़ियों से रू-ब-रू होते हुए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। खेल के प्रति हमेशा सजग रहने का आह्वान किया।

बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप स्थित कल्याण केंद्र में ताइक्वांडो खिलाड़ियों से मिलते हुए श्री महानकर ने छोटे-छोटे बच्चों ताइक्वांडो खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा सदैव आगे रहने की प्रेरणा दी। 

संघ कार्यालय में बैठक की पहली कड़ी में जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई जिसमे प्रांत अध्यक्ष चंद्रशेखर अधिकारी एवं प्रांत मंत्री अमित ठाकुर के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बेगूसराय जिला इकाई द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली तथा प्रेरित किया। 

संगठन मंत्री ने कहा कि खेल स्वास्थ्य ही नहीं, अनुशासन और सेल्फ डिफेंस के लिए भी जरूरी है। ऐसा कार्य करें कि लोग खेल के आयोजन का मतलब क्रीड़ा भारती समझें। तीन साल का कार्य योजना तैयार कर उस पर आज से ही कार्य करें। ग्रामीण खेल और पिट्टो को आगे बढ़ाएं। इसके लिए हर उम्र वर्ग के लोगों को जागरूक करें। स्थानीय खेल की जानकारी लेकर, इसको बढ़ावा देने के लिए हर प्रकार का प्रयास करें। 

खेल में प्रतियोगिता नहीं खेलने की भावना होनी चाहिए। कीड़ा केंद्र पर अलग-अलग खेलों का आयोजन करें। इसमें सहभागिता के लिए खेल के प्रति लोगों को जागरूक करें। देश में आज भी 3.76 प्रतिशत लोग ही खेलते हैं, इस प्रतिशत को बढ़ाना हमारा उद्देश्य है। सिर्फ स्कूली बच्चे ही नहीं, हर किसी को मैदान तक पहुंचने के लिए प्रेरित करें। महिलाएं सभी क्षेत्र में आगे हैं तो उन्हें खेल के क्षेत्र में भी आगे ले जाएं। 


जो खेल रहे हैं उनसे संपर्क, संवाद और समन्वय करें। क्रीड़ा केंद्र को संगठन का केंद्र बनाएं। प्रांत मंत्री अमित ठाकुर ने कहा कि क्रीड़ा भारती राष्ट्र निर्माण करने के पथ पर अग्रसर है और इस वर्ष क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में अपने प्रांत से 25 हजार सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है, इसके लिए कार्य करें। 

प्रांत अध्यक्ष चंद्रशेखर अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रवादी सोच पैदा करना हमारा कर्तव्य है। हमारा पांच सूत्री कार्यक्रम लगातार चलते रहे, इस पर गंभीरता पूर्वक कार्य करना है। खेल संगठनों से प्रतियोगिता नहीं, कदम मिला कर काम करना है, हर हाल में आगे बढ़ाना है। 

वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुमन चंद्र ने कहा कि देश को स्वस्थ करना उद्देश्य है तो हर उम्र के लोगों को मैदान में लाना है। भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं, उसमें और गति लानी है।

समिति की बैठक के बाद विभाग बैठक एवं खिलाड़ी संवाद में संगठन मंत्री प्रसाद जी महानकर ने कहा कि केंद्र सरकार खेल और खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। लेकिन राज्यों की भी कुछ खेल के मामले में अलग-अलग नीतियां है। खेल राज्य के अधीन है, उसकी नीतियां राज्य बनाती है। 

क्रीड़ा भारती साई एवं फिट इंडिया आदि के साथ भी मिलकर खेल और खिलाड़ियों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए भी सामाजिक संगठन होने के नाते क्रीड़ा भारती प्रयासरत है। हम स्वदेश प्रेम और राष्ट्रवाद जगा रहे हैं। हजारों वर्षों से षड्यंत्र के तहत हमारी संस्कृति को ध्वस्त किया गया, उसे पुनर्स्थापित कर रहे हैं। 

हमारा लक्ष्य है कि गांव-गांव के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करें। मातृशक्ति को सजग करना है, महिला खिलाड़ी का सर्वेक्षण चल रहा है। हम पूरे देश के लिए काम करते हैं, इसलिए कम से कम एक घंटा मैदान में जरूर जाएं। विभिन्न संगठन से जुड़े खिलाड़ी प्रतिनिधियों ने भी अपनी-अपनी बातें रखें। 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पुरुषोत्तम कुमार ने बेगूसराय में खेल की दिशा और दशा पर विस्तार से प्रकाश डाला। 

बैठक में जिला क्रीड़ा केंद्र प्रमुख सहित अन्य दायित्व की भी घोषणा की गई। बेगूसराय से जाते-जाते संगठन मंत्री ने जिला मंत्री राजकुमार को खेल एवं खिलाड़ियों तथा संगठन की मजबूती का मंत्र दिया। इस अवसर पर दरभंगा विभाग संयोजक सरोज कुमार, खगड़िया से दीपक सेंगर, बेगूसराय जिला सह मंत्री गौरव आनंद, शिवम कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Your Advertisement can come here!