खतरे में लोकतंत्र, हिफाजत के लिए विपक्ष को एकजुट कर रहे नीतीश : महेश्वर हजारी
Ad Place!

खतरे में लोकतंत्र, हिफाजत के लिए विपक्ष को एकजुट कर रहे नीतीश : महेश्वर हजारी

THN Network 

BINOD KARN


BEGUSARAI : बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान पर केंद्र में स्थापित सरकार द्वारा हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है और लोकतंत्र के हिफाजत के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में संपूर्ण विपक्ष एकजुट हो रहा है। उन्होंने केंद्र के जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की ताकि केंद्र में एक लोकतांत्रिक सरकार बनाया जा सके।




श्री हजारी ने कहा कि जनता दल (यू) जाति नहीं जमात की राजनीति करती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार सभी जाति व धर्म के लोगों को सम्मान दे रही है। इतना ही नहीं बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा दलित, पीड़ित, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग महिलाओं आदि को संविधान में जो अधिकार दिया था, उसे CM नीतीश कुमार ने धरातल पर उतारने का कार्य किया है। 
श्री हजारी जदयू के राज्यव्यापी भीम चौपाल कार्यक्रम के तहत मध्य विद्यालय बागडोव के प्रांगण में रविवार को आयोजित भीम संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सफापुर पंचायत के पूर्व मुखिया विनोद तांती ने की। 


विधानसभा उपाध्यक्ष श्री हजारी ने कहा कि SC, ST वर्ग को पंचायती राज व्यवस्था में आरक्षण दिया गया। CM नीतीश कुमार ने महिलाओं को 50% आरक्षण देकर महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मील का पत्थर स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति कल्याण हेतू 2022 में बजट बढ़ाकर उन्हें सशक्त करने का कार्य किया है। 
सभा को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार सिंह ने कहा कि गांधी, लोहिया, नेहरू, बाबा साहब अंबेडकर का जो सपना था। उसे धरातल पर मूर्त रूप देने में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सफल रहे हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण व नारी शिक्षा के क्षेत्र में न सिर्फ काम किया बल्कि शराबबंदी कर जीविका दीदी के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। साथ ही अनुसूचित जनजाति अनुसूचित जाति पिछड़ा वर्ग के लोगों को भी मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने बाबा साहब को मानने वाले सभी लोगों से आह्वान करते हुए कहा 2024 एवं 2025 के चुनाव में एकजुट होकर नीतीश कुमार को मजबूत करें ताकि देश का नेतृत्व एक बिहार का बेटा कर सके।
 सभा को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक व पार्टी के सचेतक राज कुमार सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का सर्वांगीण विकास हो रहा है। 14 अप्रैल को बाबा साहब अंबेडकर की जयंती है। इसे घर-घर मनाना हम सबों का दायित्व है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आप सब बाबा साहब अंबेडकर जयंती को एक पर्व के रूप में मनाए और लोगों को बाबा साहब के सपनों के बारे में बताएं।
समारोह को जदयू नेत्री सह बेगूसराय की मेयर पिंकी देवी, पूर्व मेयर संजय सिंह, जदयू जिला अध्यक्ष रुदल राय, बीहट नगर परिषद की मुख्य पार्षद बबीता देवी, पंकज कुमार सिंह, प्रमंडल प्रभारी मुकेश विद्यार्थी सहित अन्य ने संबोधित किया। मौके पर सिहमा पंचायत के मुखिया बमबम सिंह, मटिहानी पंचायत-1 मुखिया प्रतिनिधि गुंजेश कुमार, रंजन सिंह, सुभाष कुमार सिंह, सरपंच नूतन देवी एवं जदयू नेता रविंदर सिंह उर्फ डब्लू, जवाहर भारद्वाज, मनोहर कुमार सिंह, जदयू जिला उपाध्यक्ष राम संजय सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Your Advertisement can come here!