सत्ता में आए तो बिहार में भी अपराधियों को मिट्टी में मिला देंगे : सम्राट चौधरी
Ad Place!

सत्ता में आए तो बिहार में भी अपराधियों को मिट्टी में मिला देंगे : सम्राट चौधरी

THN Network 

BINOD KARN


BEGUSARAI : बिहार में BJP की सरकार बनी तो यहां भी अपराधियों को मिट्टी में मिला देगें। साथ ही सत्ता की हनक एवं विकास ही विकास बिहार में दिखेगा। ये बातें बिहार BJP के नए अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मंगलवार को बेगूसराय के दिनकर कला भवन में आयोजित स्वागत समारोह में कही। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अपधारियों को छोड़ा जा रहा है और यह सब वोट के लिए किया जा रहा है। 



स्वागत समारोह के दौरान मंच से बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो, सम्राट चौधरी जैसा हो के नारे लगवाए जाने के बाद जब उनके बोलने की बारी आई, तो कहा कि BJP का किसी मंडल अध्यक्ष को भी बिहार का मुख्यमंत्री बना देगें, तो नीतीश कुमार से अच्छा काम करेगा। क्योंकि BJP अपने कार्यकर्ताओं को इतना प्रशिक्षित करती है और काम कराया जाता है कि वे काबिल हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का मेमोरी लॉस हो गया है। वे जो बोलते हैं, भूल जाते हैं। यदि नीतीश कुमार कल्याण बीघा में भी जमीन उपलब्ध करा दें, तो वहां भी हवाई अड्डा बना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेगूसराय को केंद्र सरकार ने 50 हजार करोड़ रूपए देने का काम किया है। लेकिन नीतीश सरकार चाहती ही नहीं है कि बिहार में हवाई अड्डा बने। जबकि BJP बेगूसराय, भागलपुर, पूर्णियां, सीतामढ़ी सहित अन्य स्थानों पर भी हवाई अड्डा बनाना चाहती है।


BJP सरकार बनने पर बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय बनेगा


स्वागत समारोह सभा से लगातर दिनकर विश्वविद्याय की मांग कार्यकर्ताओं की ओर से उठाए जाने पर जब सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि 75 वर्ष में बिहार में BJP की सरकार कभी नहीं बनी है। ऐसे में BJP की सरकार बनने दीजिए, बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय बनेगा। उन्होंने कहा कि 2024 में बिहार में लोकसभा चुनाव में 40 का 40 सीट जीतना है और 2025 में BJP की सरकार बनाना है। इसके लिए बूथ प्रमुख से लेकर पन्ना प्रमुख तक के कार्यकर्ता जनता से जुड़े। साथ ही उपस्थित दोनों BJP सांसद एवं दोनों MLA से नियमित जनता दरबार लगाने को कहा और सिर्फ समस्या सुनने ही नहीं बल्कि उसका समाधान भी करवाने को कहा। यदि समस्या का समाधान नहीं होता है, तो उसके कारण को भी बताएं।




सम्राट ने नीतीश कुमार को पिछड़ा विरोधी कहा 

सम्राट चौधरी ने मंडल कमिशन से लेकर कर्पूरी ठाकुर एवं नीतीश सरकार तक में BJP द्वारा पिछड़ा, दलित एवं सवर्ण को दिए गए आरक्षण पर बोलते हुए कहा कि BJP के कार्यकर्ता आरक्षण के सवाल पर कम बोलते हैं। लेकिन जानना होगा की BJP ने सभी वर्ग को साथ लेकर चलने का काम किया है। एक जाति और समाज से चुनाव नहीं जीता जाता है। ऐसे में सबको साथ लेकर चलना है। देश में गुजरात के बाद सबसे ज्यादा मन की बात बिहार में सुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि गुजरात में एक लाख 53 हजार एवं बिहार में एक लाख 25 हजार लोगों ने मन की बात सुनने का काम किया है। उन्होंने नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आजकल नीतीश कुमार को जॉर्ज साहब की बड़ी याद आ रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि JD (U) को तो वे पार्टी मानते ही नहीं हैं।


गिरिराज सिंह ने कहा अगला मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बनेंगे

केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार को योगी जैसा CM चाहिए। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी को बिहार का मुख्यमंत्री बनाना है, जिससे सबका साथ-सबका विकास का नारा साकार हो। यदि मंदिर से लाउडस्पीकर हटेगा, तो मस्जिद से भी हटेगा। उन्होंने सभा में बैठे कार्यकर्ताओं से कहा कि बेगूसराय में फोरलेन निर्माण के दौरान मंदिर तो हटा दिया गया, लेकिन देवना के पास कब्रिस्तान को नहीं हटाया गया। यदि BJP की सरकार बनी तो कब्रिस्तान को भी हटाया जाएगा। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद प्रो राकेश सिन्हा ने कहा कि बिहार का चालीस का चालीस सीट जीतना है, तो बेगूसराय में सात के सात विधान सभा में भी जीत दर्ज करनी है। इस अवसर पर पूर्व MLC रजनीश कुमार ने कहा कि गिरिराज सिंह को अबकी बार पांच लाख से ज्यादा वोट से जीताना है।

स्वागत सभा को इन्होंने भी किया संबोधित

इस अवसर पर MLC सर्वेश कुमार, बछवाड़ा MLA सुरेंद्र मेहता, बेगूसराय MLA कुंदन कुमार, पूर्व MLA श्रीकृष्ण सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान आदि ने संबोधित किया। मौके पर जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा ने स्वागत व मंच संचालन कृष्णमोहन पप्पू, कुंदन भारती एवं राकेश पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री देवेश, भाजयुमो संतोष रंजन, पूर्व जिला अध्यक्ष राधाकृष्ण सिन्हा, संजय सिंह, राजकिशोर सिंह, नीरज नवीन सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Your Advertisement can come here!